रविवार, 9 जुलाई 2017

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए समाज शास्त्र की पुस्तक सूची


साथियों, समाजशास्त्र हिंदी माध्यम से सिविल सेवा की तैयारी करने वालों के लिए एक लोकप्रिय वैकल्पिक विषय रहा है | यह विषय उन छात्रों के लिए हैं जो समाज और सामाजिक मुद्दों से गहरा ताल्लुक रखते हैं, समसामयिक सामाजिक मुद्दों में गहरी रूचि रखते हैं, समाज की जटिलताओं को समझकर सामाजिक समस्याओं के समाधान सुझाना चाहते है | यह वैकल्पिक विषय मुख्य परीक्षा के सामान्य अध्ययन पत्र एवं निबंध पत्र के लिए भी काफी उपयोगी है |

इग्नू की BA एवं MA की समाजशास्त्र की पुस्तकें इस विषय की तैयारी के लिए एक अच्छा आधार प्रदान करती है | इस विषय की हिंदी माध्यम में उपलब्ध कुछ स्तरीय पुस्तकों की सूची मैं यहाँ पर दे रहा  हूँ | यह सूची बस सांकेतिक है और कोई और अच्छी पुस्तक सामने आने पर वो इसमें जोड़ दी जायेगी | एक और बात याद रखे की आपको तैयारी सिविल सेवा के पाठ्यक्रम की करनी है, किताबों की नहीं | एक ही विषय पर कोई किताब आपको पढने में सरल लग सकती है और किसी को जटिल |  विषय के बारे में आधारभूत जानकारी के बाद उस विषय की किसी भी किताब को देखकर आप इस बात का निश्चय कर सकते हैं की वह किताब आपकी तैयारी के लिए आवश्यक है या नहीं |

प्रश्न पत्र १
इग्नू की BA एवं MA की समाजशास्त्र की पुस्तकें
समाजशास्त्र एक परिचय- सत्यपाल रूहेला- डायमंड पब्लिकेशन-
(१,२,३६,७,,८,९,)
समाजशास्त्र परिचय -संपादक- राम गणेश यादव एवं जे पी मिश्र - ओरिएंट ब्लैक स्वान पब्लिकेशन
(१,२,५,८,९,१०)
सामाजिक विचारक- एस एल दोषी, पी सी जैन- रावत पब्लिकेशन- जयपुर, दिल्ली
(मार्क्स, दुर्खीम, वेबर विस्तार से ) पत्र १ ४ क, ख, ग
उच्चतर समाजशास्त्रीय सिद्धांत- शम्भूलाल दोषी मधुसूदन त्रिवेदी- रावत प्रकाशन- जयपुर एवं नयी दिल्ली
(प्रश्न पत्र १- 1, २, ३, ४ आंशिक रूप से )
समाजशास्त्र- अवधारणाएँ एवं सिद्धांत - जे पी सिंह- प्रेन्टिस हॉल ऑफ़ इंडिया, नयी दिल्ली
(१,२, ५, १० )
सामाजिक विचारधारा एवं सामाजिक विचारक- डॉ गणेश पाण्डेय एवं अरुणा पाण्डेय



प्रश्न पत्र २
इग्नू की BA एवं MA की समाजशास्त्र की पुस्तकें

भारतीय समाज एवं विचार धाराएं - डी आर जाटव -नेशनल पब्लिशिंग हाउस- जयपुर, नई दिल्ली
(प्राचीन, मध्यकालीन, आधुनिक भारत का समाज चिंतन, राजनितिक आंदोलनों में सामाजिक प्रवृतियाँ, समाज चिंतन के समकालीन संप्रदाय,)

भारतीय समाज संरचना एवं परिवर्तन - सत्यपाल रूहेला- उत्तर प्रदेश हिंदी ग्रन्थ अकादमी
(जनसँख्या, धर्म, जाति प्रथा, जनजातियाँ, सामाजिक वर्ग, विवाह-परिवार- साम्पत्तिक अधिकार, शिक्षा, ग्रामीण और  नगर संस्था, शासक और शासित )

भारतीय सामाजिक संरचना एवं परिवर्तन के एल शर्मा- रावत पब्लिकेशन- जयपुर एवं नयी दिल्ली
(भारतीय समाज, उद्भव, सामाजिक आन्दोलन, जनजाति, ग्रामीण एवं नगरीय समुदाय , परिवार, जाति, नारी, जनसँख्या, सामाजिक परिवर्तन )

हाशिये की वैचारिकी-  संपादक- उमाशंकर चौधुरी- अनामिका प्रकाशन- दिल्ली
(जाति, दलित, जनजाति प्रश्न )

शुभकामनाओं के साथ,
केशवेन्द्र कुमार आईएएस 

बुधवार, 10 मई 2017

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए दर्शन शास्त्र की पुस्तक सूची

दर्शनशास्त्र हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए काफी लोकप्रिय वैकल्पिक विषय रहा है | निबंध पत्र के लिए इसकी प्रासंगिकता और उपयोगिता को देखते हुए इसका वैकल्पिक विषय के रूप में महत्त्व और भी बढ़ गया है |  वैसे छात्र जिन्हें दर्शन में और साहित्यिक- सामाजिक समस्याओं के गहन अनुशीलन, चिंतन और समाधान खोजने में आनंद आता है और जिनकी भाषा पर अच्छी पकड़ है, वे निस्संकोच इस विषय का चयन कर सकते हैं| दर्शनशास्त्र के साथ सिविल सेवा की तैयारी  के लिए पुस्तक सूचि निम्नलिखित है-

प्रश्न पत्र १ एवं २
प्राचीन भारतीय धर्म एवं दर्शन- डॉ शिवस्वरूप सहाय-  मोतीलाल बनारसीदास प्रकाशन
भारतीय दर्शन- संपादक- डॉ नन्द किशोर देवराज - उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ
भारतीय दर्शन( दो भागों में )- डॉ राधाकृष्णन -(अनुवादक- नंदकिशोर गोभिल)- राजपाल एंड संस प्रकाशन
नीतिशास्त्र के प्रमुख सिद्धांत-डॉ डी आर जाटव- मालिक एंड कंपनी- दिल्ली
पाश्चात्य दर्शन- याकूब मसीह
समकालीन पाश्चात्य दर्शन- बी के लाल
भारतीय संस्कृति- नरेन्द्र मोहन -प्रभात प्रकाशन- नयी दिल्ली

इग्नू की बी ए एवं एम ए दर्शनशास्त्र की पुस्तकें


विस्तृत अध्ययन हेतु- (पुस्तकालय की मदद से )
दर्शन दिग्दर्शन - राहुल सांकृत्यायन- किताबघर प्रकाशन
भारतीय दर्शनशास्त्र का इतिहास -  जयदेव वेदालंकार - न्यू भारतीय बुक कारपोरेशन- नयी दिल्ली
(मध्यकालीन आचार्यों का दर्शन - आचार्य शंकर, रामानुज, आचार्य मध्व, बल्लभ और चैतन्य दर्शन )
भारतीय दर्शन का इतिहास (५ खंडो में )- डॉ सुरेन्द्रनाथ गुप्ता- राजस्थान हिंदी ग्रन्थ अकादमी द्वारा अनुदित एवं प्रकाशित
भारतीय दर्शन की मूलगामी समस्याएँ- नारायण शास्त्री द्रविड़- विश्वविद्यालय प्रकाशन, सागर

वैकल्पिक विषय की तैयारी करते हुए यह बात ध्यान में रखे की आपके सिलेबस तैयार करना है और पूरी समझ के साथ, रट्टा मरकर नहीं | साथ-ही-साथ इस बात का भी ध्यान रखे की ज्ञान अनंत और अथाह है | ज्ञान प्राप्ति के लिए हम जीवन भर पढ़ सकते हैं और पढ़ते रहेंगे | अपना सारा ध्यान अभी चिड़िया की आंख अर्थात सिविल सेवा में अच्छे रैंक के साथ सफलता पाने पर लगाये | किताबों पर नहीं टॉपिक पर अपना ध्यान केन्द्रित करें | जब आप सारे टॉपिक कुछ चुनिन्दा स्तरीय पुस्तकों से तैयार कर लेते हैं तो फिर अन्य स्तरीय पुस्तकों से दुहराते हुए कोई नयी बात मिलने पर उसे नोट कर ले |
शुभकामनाओं के साथ,
केशवेन्द्र कुमार, IAS


मंगलवार, 9 मई 2017

FAQ- सिविल सेवा की तैयारी में लगे साथियों द्वारा बार- बार पूछे जानेवाले सवालों के जवाब

प्राथमिक एवं मुख्य  परीक्षा से संबंधित -


१.सिविल सेवा की तैयारी के लिए  हिंदी में कौन सा समाचार पत्र पढ़े ? क्या हिन्दू समाचारपत्र पढना अनिवार्य है ? 

नहीं, सिविल सेवा की अंग्रेजी माध्यम से तैयारी करनेवाले अधिकांश छात्र हिन्दू समाचारपत्र का अध्ययन करते है | यह एक अच्छा समाचारपत्र है जो समसामयिकी एवं निबंध के लिए उपयोगी है | अगर आपकी अंग्रेजी अच्छी है और आप हिन्दू पेपर पढने में कोई दिक्कत नहीं महसूस करते हैं तो इसे पढना अच्छा है | अगर आपको भाषा की दिक्कत आ रही है तो आप किसी भी अच्छे हिंदी समाचारपत्र जैसे हिंदुस्तान, प्रभात खबर, दैनिक भास्कर, राजस्थान पत्रिका, जनसत्ता जो की आपके राज्य में उपलब्ध है, को पढ़ सकते हैं | इतना ध्यान रखे की आपको पेपर सिविल सेवा की तैयारी के लिए पढना है| अपना ध्यान देश-विदेश की प्रमुख घटनाओं, सम्पादकीय एवं आलेखों और साक्षात्कार की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण अपने प्रदेश की घटनाओं पर केन्द्रित करें |

२. समसामयिकी - करंट अफेयर  कितने दिनों का पढ़े ?

सामान्यतः प्रारंभिक परीक्षा के सवा  वर्ष (उदहारण के लिए मई में यदि प्रारंभिक परीक्षा हो तो पिछले वर्ष की जनवरी तक)  पहले तक की समसामयिकी पर ध्यान केन्द्रित करना काफी है |

३. मैं १० वीं/ १२ वीं कक्षा में हूँ ,सिविल सेवा की तैयारी कैसे करूँ ?

--अपना ध्यान १० वीं / १२ वीं की परीक्षा अच्छे तरह से उत्तीर्ण करने पर लगाये | अपनी लेखन शैली पर ध्यान दे | अच्छी किताबें पढने की आदत डालें | समाचारपत्र के साथ कुछ पत्रिकाएँ जैसे कम्पटीशन सक्सेस रिव्यु , योजना, कुरुक्षेत्र, विज्ञान प्रगति पढना अभी काफी है | स्नातक के द्वितीय या तृतीय वर्ष से गंभीरता से सिविल सेवा की तैयारी आरम्भ करना काफी है |

4. सामान्य अध्ययन और वैकल्पिक विषय में क्या पढ़े और क्या छोड़े?

--सामान्य अध्ययन एवं  वैकल्पिक विषय की तैयारी करते हुए यह बात ध्यान में रखे की आपके सिलेबस तैयार करना है और पूरी समझ के साथ, रट्टा मरकर नहीं | साथ-ही-साथ इस बात का भी ध्यान रखे की ज्ञान अनंत और अथाह है | ज्ञान प्राप्ति के लिए हम जीवन भर पढ़ सकते हैं और पढ़ते रहेंगे | अपना सारा ध्यान अभी चिड़िया की आंख अर्थात सिविल सेवा में अच्छे रैंक के साथ सफलता पाने पर लगाये | किताबों पर नहीं टॉपिक पर अपना ध्यान केन्द्रित करें | जब आप सारे टॉपिक कुछ चुनिन्दा स्तरीय पुस्तकों से तैयार कर लेते हैं तो फिर अन्य स्तरीय पुस्तकों से दुहराते हुए कोई नयी बात मिलने पर उसे नोट कर ले |

5. नोट्स बनाये या नहीं ?

-यह आपके पास उपलब्ध समय पर निर्भर करता है | संक्षिप्त एवं सटीक नोट्स बनाये जो आपको दुहराने में मदद करेगा | किसी भी विषय पर एक अच्छी किताब को मुख्य किताब के तौर पर प्रयोग करे और उस विषय पर उस किताब के अलावा कुछ भी अच्छी सामग्री मिले तो नोट्स ले ले |

६. समसामयिकी  के लिए क्या हो रणनीति ?

हिंदी के दो अच्छे समाचार पत्र संक्षेप में पढ़े, सटीक नोट लें | निबंध के लिए कुछ अच्छा मिले तो उसे अलग रख ले | दो सिविल सेवा की पत्रिकाओं (प्रतियोगिता दर्पण/ सिविल सर्विसेज क्रॉनिकल/ सिविल सर्विसेज टाइम्स/कम्पटीशन सक्सेस रिव्यु इत्यादि)  को पढने से लगभग काफी अंश कवर हो जाएगा | योजना एवं कुरुक्षेत्र पढ़े | बीबीसी हिंदी की वेबसाइट देखे और संक्षिप्त  नोट्स ले लें | सप्ताह में एक या दो दिन इन्टरनेट से भी प्रमुख राष्ट्रीय/ अंतर राष्ट्रीय महत्त्व की संस्थाओं के वेबसाइट से नोट्स बना ले |

७. कैसे चुने वैकल्पिक विषय-

---आपने जिस विषय से स्नातक या परास्नातक किया है, उसके पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र UPSC की वेबसाइट पर देखे, अगर संतुष्ट हैं तो उसे ही अपने वैकल्पिक विषय के रूप में रखे |
--अगर नहीं, तो फिर उपलब्ध वैकल्पिक विषयों में से अपनी रुचि के चार-पांच विषयों को छांटे | उनका पाठ्यक्रम एवं पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र UPSC की वेबसाइट पर देखे | उसमे जो आपके अच्छा लगे और सामान्य अध्ययन एवं निबंध के पत्र में भी लाभदायी लगे, उसे वैकल्पिक विषय के रूप में रखे |
--किसी भी विषय को चुनने पर आपके लिए उसके फायदे-नुकसान इस परीक्षा की तैयारी के सम्बन्ध में होंगे | तराजू के दोनों पलड़ों को देखते हुए, संतुलन बनाते हुए दृढ निर्णय ले | एक बार विषय चुनने के बाद उसे बदलना बेवकूफी होगी, इस बात का ध्यान रख अपना समय लेते हुए सही निर्णय ले | प्रशासन में आपके सही निर्णय लेने की क्षमता एक महत्त्वपूर्ण अंग है और सही वैकल्पिक विषय का चयन आपके निर्णय क्षमता का परीक्षण भी है |

८ क्या निबंध पत्र अंग्रेजी में लिखना है ?

अगर आप सिविल सेवा की परीक्षा हिंदी माध्यम में दे रहे हैं तो आप हिंदी माध्यम में निबंध लिखेंगे |

९. क्या नौकरी करते हुए आईएएस/आईपीएस/सिविल सेवा की तैयारी हो सकती है ?

बिलकुल, बहुत से लोगों ने नौकरी के साथ इस परीक्षा की तैयारी की है और मैं खुद उनमे से एक हूँ | हाँ, आपको समय का प्रबंधन अच्छे से करना होगा और नौकरी और तैयारी में सम्यक संतुलन साधना होगा | छः से आठ घंटे तक आप तैयारी के लिए निकल सके तो यह संभव है |

१०. क्या सिर्फ सिविल सेवा की तैयारी करें या उसके साथ किसी और नौकरी की तैयारी करें?

-अगर आपकी आर्थिक पृष्ठभूमि अच्छी है तो आप अपनी उच्चतर शिक्षा को जारी रखते हुए सिविल सेवा की तैयारी करें |
-अगर नहीं तो फिर बैंक/एसएससी/रेलवे/शिक्षक/लेक्चरर/ एवं ऐसी किसी भी अच्छी नौकरी की परीक्षा पर भी ध्यान दे जिसमे आने के बाद भी आप सिविल सेवा की तैयारी कर सके | पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद आप नेट/ JRF परीक्षा का भी विकल्प रख सकते हैं |

११. आईएस/आईपीएस/ सिविल सेवा के लिए क्या शैक्षणिक योग्यता चाहिए ?

किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से स्नातक में पास होना काफी है | स्नातक के अंक या डिवीज़न बाधा नहीं है, स्नातक उत्तीर्ण होना चाहिए |

१२. सामान्य अध्ययन की पुस्तक सूची कहाँ से मिलेगी ?
मैंने अपनी तैयारी के लिए सामान्य अध्ययन के लिए जिन पुस्तकों की सहायता ली थी, उसके बारे में मैंने विस्तार से अपने ब्लॉग पर लिखा है | यह आलेख कई लोगों यहाँ तक की कोचिंग संस्थाओं द्वारा भी काफी उद्धृत किया गया है और मेरे एवं ब्लॉग के सन्दर्भ के साथ या उसके बिना भी सोशल मीडिया में काफी शेयर भी किया गया है | इस सन्दर्भ में सिविल सेवा में हुए बदलावों के मद्देनजर कुछ परिवर्तन अपेक्षित है जिसे मैं कोरोना संकट के बाद नयी पुस्तकों एवं पत्रिकाओं की समीक्षा कर करूँगा |  अभी भी यह सूची सामान्य अध्ययन के पाठ्यक्रम को समग्रता से कवर करती है |  आलेख का लिंक निम्न है -






साक्षात्कार से संबंधित

१. साक्षात्कार किस भाषा में दे सकते हैं ?

जिस भाषा में आपने सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा दी है, आप उस भाषा में साक्षात्कार दे सकते है | हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं के माध्यम से सिविल सेवा मुख्य परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी उसी भाषा का चयन साक्षात्कार के लिए कर सकते हैं |

२. क्या हिंदी माध्यम से परीक्षा देने वाले छात्रों का साक्षात्कार हिंदी में होता है ?

--जी हाँ | हाँ, बोर्ड में ऐसे एक या दो मेम्बर हो सकते हैं जिन्हें हिंदी नहीं आती हो, इसलिए अगर आप अंग्रेजी बोल और समझ लेते हैं तो और भी अच्छा है | कोई सदस्य जान बूझकर अंग्रेजी में सवाल कर सकते हैं, आप उसका जवाब हिंदी में बिंदास देने के लिए स्वतंत्र है |


३. क्या साक्षात्कार में अंग्रेजी की प्रचलित शब्दों का प्रयोग कर सकते हैं ?

--ऐसे अंग्रेजी के शब्द जो हिंदी की बोलचाल में प्रचलित हैं और जिनका हिंदी में उत्तम विकल्प मौजूद नहीं है, उनके लिए अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग उचित है | उदहारण के लिए SAARC सम्मलेन  के लिए आप हिंदी में दक्षेस सम्मेलन शब्द या सार्क सम्मलेन शब्द किसी का भी उपयोग कर सकते हैं क्योंकि दोनों ही हिंदी की शब्दावली में सामान रूप से प्रचलित है |


गुरुवार, 4 मई 2017

सिविल सेवा परीक्षा के लिए वैकल्पिक विषय(ऑप्शनल पेपर ) का चयन कैसे करे


हिंदी माध्यम से सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए वैकल्पिक विषय का चयन एक बड़ी दुविधा के तौर पर होता है | मन में ढेरों सवाल होते हैं- किस विषय से ज्यादा अंक आयेंगे, किस विषय से टॉपर बनते हैं, स्नातक तक पढ़े विषय को वैकल्पिक विषय के तौर पर ले या नहीं इत्यादि |

सिविल सेवा परीक्षा के लिए वर्तमान में एक वैकल्पिक विषय का चयन करना होता है | इस विकल्पिक विषय के 250 अंक के दो प्रश्न पात्र होते हैं | और इस तरह सिविल सेवा की परीक्षा में वैकल्पिक विषय के कुल ५०० अंक है|

उपलब्ध विषयों की सूची -
इतिहास
भूगोल
समाजशास्त्र
लोक प्रशासन
नृविज्ञान
राजनीति विज्ञान एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध
मनोविज्ञान
दर्शन शास्त्र
अर्थशास्त्र
विधि
प्रबंधन
कृषि विज्ञान
पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विज्ञान
हिंदी भाषा एवं साहित्य/ संस्कृत भाषा एवं साहित्य/मैथिलि भाषा एवं साहित्य/उर्दू भाषा एवं साहित्य एवं अन्य प्रमुख भारतीय भाषाओं का साहित्य

वनस्पति विज्ञान
रसायन विज्ञान
सिविल इंजीनियरिंग
वाणिज्य तथा लेखा विधि
विद्युत इंजीनियरिंग
भू विज्ञान
गणित
यांत्रिक इंजीनियरिंग
चिकित्सा विज्ञान
भौतिकी
सांख्यिकी
प्राणी विज्ञान


कैसे चयन करे वैकल्पिक विषय का-

 इन सारे उपलब्ध विषयों को देखते हुए अपनी शैक्षणिक  पृष्ठभूमि और विषयों में रूचि को ध्यान में रखते हुए इन सारे विषयों में से  चयन को २-३ विषयों पर केन्द्रित करें |
*सामान्यतः ऊपर के  किसी विषय को आपने स्नातक या परास्नातक स्तर पर हिंदी माध्यम में पढ़ा है और आप उस विषय में रूचि रखते हैं तो उस विषय का चयन सर्वोत्तम है |
*अगर आपने ऊपर के विषयों में किसी को स्नातक या परास्नातक स्तर विषय पर पढ़ा है पर उसमे आपकी रूचि नहीं है तो फिर आप ऊपर के लिस्ट से अपनी रूचि की  २-३ विषयों की शोर्ट लिस्ट तैयार करे | इन चयनित विषय के सारे टॉपिक देखे, इनके सिविल सेवा के सिलेबस और क्वेश्चन बैंक को देखे | यह अनुमान लगाये की इस विषय को आप ३-६ महीने में अच्छे से तैयार कर सकते हैं या नहीं |
*अगर आप अपने स्नातक या परास्नातक के विषय को वैकल्पिक विषय के तौर पर नहीं ले रहे हैं तो इस बात का भी ध्यान रखे की वैकल्पिक विषय से आपको सामान्य अध्ययन, निबंध पत्र एवं साक्षात्कार में कितनी मदद मिल रही है |
*सामान्य अध्ययन में काफी सहायता पहुचने वाले विषय हैं-
इतिहास, लोक प्रशासन, राजनीति विज्ञान एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध, समाज शास्त्र, नृविज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र,विधि
*निबंध एवं साक्षात्कार में सहायक वैकल्पिक विषय-
इतिहास, लोक प्रशासन, राजनीति विज्ञान एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्बन्ध, समाज शास्त्र, नृविज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र,विधि, दर्शन शास्त्र, मनोविज्ञान, प्रबंधन, हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओ का साहित्य

इस बात का ध्यान रखें की विषय में आपकी रूचि या उस विषय का आपके द्वारा पहले पढ़ा होने काफी महत्तवपूर्ण घटक हैं | इसके बाद ही सामान्य अध्ययन, निबंध या साक्षात्कार में उस वैकल्पिक विषय से होने वाले लाभ के बारे में सोचे | शार्ट लिस्ट किये हुए २-३ विषयों से आपके परीक्षा में मिलने वाले लाभ-हानि की गणना कर अपने लिए उपयुक्त वैकल्पिक विषय का चयन करें | चयन आपका खुद का होना चाहिए, किसी दवाब में आकर नहीं | चयन के लिए पर्याप्त समय ले और एक अच्छा निर्णय ले |


शुभकामनाओं के साथ,
केशवेन्द्र कुमार


सोमवार, 1 मई 2017

सिविल सेवा परीक्षा हेतु लोक प्रशासन के लिए पुस्तक सूची

प्रथम प्रश्न पत्र -
१. लोक प्रशासन- संकल्पनाएँ एवं सिद्धांत- रुम्की बासु- जवाहर पब्लिशर्स
लोक प्रशासन- अवस्थी एवं महेश्वरी
२. लोक प्रशासन के नए आयाम- मोहित भट्टाचार्य - जवाहर पब्लिशर्स
३. प्रशासनिक विचारक - नरेन्द्र थोरी - आर बी एस ए पब्लिशर, जयपुर



द्वितीय प्रश्न पत्र
१.भारतीय प्रशासन- श्रीराम महेश्वरी-  ओरिएंट लोंग्मेन प्रकाशन
या
भारतीय लोक प्रशासन- डॉ सुरेन्द्र कटारिया - नेशनल पब्लिशिंग हाउस
२. लोक प्रशासन के बदलते आयाम- संपादक- एस एन मिश्र - भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, दिल्ली

इग्नू की बी ए एवं एम ए की लोक प्रशासन की पुस्तकें 

रविवार, 11 दिसंबर 2016

आईएएस की तैयारी कहाँ से शुरू करे-कैसे शुरू करे - शुरू से शुरू करें, दृढ संकल्पित होकर शुरू करें

साथियों, आपमें से बहुत लोगों के सवाल होते हैं की आईएएस की तैयारी कैसे करे, क्या पढ़े, कब तैयारी शुरू करें, वैकल्पिक विषय कैसे चुने इत्यादि । इस पोस्ट में मैं अपने अनुभव के आधार पर इन सवालों के जवाब देने की कोशिश करूँगा । 

1. अगर आप आठवीं-बारहवीं कक्षा में हैं-
*अगर आपकी  रूचि सिविल सेवा की तैयारी की और है तो आप अपने सामान्य अध्ययन और लेखन शैली पर ध्यान दें । आखिर आईएएस की तैयारी में 6-12 कक्षा की विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित की प्रमुख भूमिका है ।  
*हिंदी/अंग्रेजी के एक समाचार पत्र नियमित रूप से पढ़े, अच्छे टीवी न्यूज़ चैनल के कुछ अच्छे प्रोग्राम नियमित देखे और रचनात्मक विचार शक्ति का विकास करे । अपने व्यक्तित्व को ज्ञान से निखरे/सँवारे । 
 * प्रतियोगिता दर्पण/ सिविल सर्विसेज क्रॉनिकल,   कुरुक्षेत्र, योजना पत्रिका पढना शुरू कर सकते हैं जिससे GS एवं निबंध पत्र की तैयारी में  मिलेगी 
*फिर UPSC  नोटिफिकेशन पढ़े, जिससे इस परीक्षा के पाठ्यक्रम, वैकल्पिक विषयों की सूची , योग्यता और परीक्षा के सारे महत्त्वपूर्ण  निर्देश पता चलेगें । 

इस स्तर पर इतना करना  काफी  है । साथ  में अपना नियमित अध्ययन, अगर आप मेडिकल /इंजीनियरिंग  प्रवेश परीक्षा की तैयारी  कर रहे हैं तो उसे जारी रखे 

2 . अगर आप परास्नातक कर चुके है या कर रहे हैं या  स्नातक कर चुके हैं या अंतिम वर्ष में आ चुके हैं ----
आपको गंभीरता से इस परीक्षा की तयारी करनी है । 

*UPSC  के नोटिफिकेशन को  पढ़े ।  पिछले सालों के UPSC  के  प्रश्नपत्र देखे  और फिर NCERT  की किताबों को पढना शुरू करो |  योजना, कुरुक्षेत्र एवं आहा, जिन्दगी इन तीन पत्रिकाओं से आपको निबंध एवं GS के लिए मदद मिलेगी |  फिर ncert की साइंस एवं सोशल साइंस छठीं  से बारहवीं की पढ़े | अगर आप उसी विषय को वैकल्पिक विषय के तौर पर ले रहे हैं जो आपका स्नातक या परास्नातक का विषय रहा है तो आप साथ-साथ   वैकल्पिक विषय पर ध्यान केन्द्रित कर सकते हैं |

*अगर आप वैकल्पिक विषय का चयन नहीं कर पा रहे हैं तो भी आप GS  एवं निबंध की तैयारी के साथ अपनी शुरुआत कर सकते है । साथ में अपने वैकल्पिक विषय के अंतिम चयन पर फैसला ले । 

3 . क्या आपकी पृष्ठभूमि/ आपकी पढाई/ आपका माध्यम महत्तवपूर्ण है???
आप गांव से आते है या शहर से, आप अंग्रेजी माध्यम में पढ़े हैं या हिंदी एवं भारतीय भाषाओं  में, आप प्रसिद्ध कॉलेज में गए हैं या पत्राचार से स्नातक किया है, आप गरीब हैं या अमीर हैं- UPSC को इनमे किसी बात से फर्क नहीं पड़ता । आप में अपने देश-समाज-विश्व की सेवा का जूनून होना चाहिए, आपके पास ज्ञान और आत्मविश्वास की दौलत होनी चाहिए, आपमें सकारात्मकता सोच और प्रश्नों को सुलझाने की दृष्टि  होनी चाहिए और होना चाहिए  कड़ा परिश्रम  करने की क्षमता । बस इतना काफी है । 

4 . किस माध्यम में तैयारी करे ??
आपको वैकल्पिक विषय एवं निबंध पत्र में अपने को सहज रूप में  जो माध्यम सही लगे,  लिए सही है । UPSC की परीक्षा में आप हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं  में दे सकते हैं  और बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं । हिंदी माध्यम से सभी वैकल्पिक विषयों में किताबे उपलब्ध है । 

5 . नोट कैसे बनाये --
सिलेबस के हिसाब से जिस टॉपिक को आप पुस्तक से  पूरी तरह से  नही  तैयार कर पा रहे हैं, उसके लिए सटीक, संक्षिप्त नोट बनाये । 

6 . नौकरी के साथ IAS / IPS की तैयारी 
सामान्य अध्ययन के लिए समाचारपत्र एवं पत्रिकाओं को ऑफिस में अगर काम करने के बाद  खाली समय मिले  तो उसमे तैयार करे ।अगर ऑफिस में लाइब्रेरी हो तो उसका उपयोग करे । वैकल्पिक विषय के लिए लगभग दो-तीन घंटे डेली एवं सामान्य अध्ययन  से काम तीन घंटे का समय निकलने की कोशिश  करे ।  सटीक तैयारी करे - क्या पढ़े, क्या छोड़े, इसमें संतुलन रखे । 

आशा है इस आलेख से इस परीक्षा के नवागंतुकों को मदद मिलेगी । शुभकामनाओं के साथ,

केशवेंद्र कुमार आईएएस 

बुधवार, 15 जून 2016

UPSC CIVIL SERVICE EXAMINATION 2016 NOTIFICATION

UPSC CIVIL SERVICE EXAMINATION 2016 NOTIFICATION(HINDI)
http://www.upsc.gov.in/hi/examinations/Civil%20Services%20(Preliminary)%20Examination,%202016

UPSC CIVIL SERVICE EXAMINATION 2016 Notification (English)
http://www.upsc.gov.in/examinations/Civil%20Services%20%28Preliminary%29%20Examination%2C%202016

साथियों, अपने ईमेल और ब्लॉग पर मुझे आप कई साथियों के मेल मिलते हैं जिसमे सिविल सेवा के बारे  में, इसके पाठ्यक्रम, इसमें बैठने के लिए योग्यता, उम्र, कौन से विषय उपलब्ध हैं जैसे प्रश्न होते हैं. सिविल सेवा के बारे में सारी शुरूआती जानकारियों के लिए आपके सबसे काम की प्रमाणिक चीज यूपीएससी की वेबसाइट पर उपलब्ध इसकी नोटिस है जिसमे उस वर्ष परीक्षा के प्रारूप, सिलेबस और योग्यता जैसी सारी जानकारी उपलब्ध होती है. आप लोगों की सुविधा के लिए मैं इसका लिंक इस ब्लॉग के सबसे ऊपर में  दे रहा हूँ.

वैसे आप http://www.upsc.gov.in/ में जाकर एग्जामिनेशन के लिंक में जाकर भी नोटिफिकेशन में Current/Archival लिंक से सिविल सर्विस एग्जाम 2016  की नोटिस पीडीऍफ़ में देख सकते हैं.

आशा करता हूँ की ये लिंक इस परीक्षा की शुरुआत कर रहे दोस्तों के लिए लाभप्रद होगा. विशेषकर ग्यारहवीं -बारहवीं कक्षा के छात्रों, और डिग्री कोर्स कर रहे छात्रों के लिए जो सिविल सेवा की तयारी करना चाहते हैं, या इसके बारे में पूरी जानकारी चाहते हैं, उनके लिए यह लिंक काफी मददगार होगा.

शुभकामनाओं के साथ,

केशवेन्द्र कुमार, आईएस
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, वायनाड जिला
केरल