CS MAIN 2013 ESSAY PAPER लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
CS MAIN 2013 ESSAY PAPER लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 1 दिसंबर 2013

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2013- शुभकामनाएँ एवं निबंध पत्र हेतु सुझाव

कल से सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की शुरुआत हो रही है | सबसे पहले मैं इस परीक्षा में शामिल हो रहे प्रतिभागियों को ढेर सारी शुभकामनाएँ देता हूँ और उनकी सफलता की दुआ करता हूँ | फिर कुछ आखिरी घड़ी की नसीहतें, अनुभव उनके साथ बांटना चाहूँगा |

सिविल सेवा में सफलता के लिए मुख्य परीक्षा को अच्छे अंकों से पास करना  एक तरह से निर्णायक भूमिका निभाता है | परीक्षा की इन आखिरी घड़ियों में अच्छी-से अच्छी तैयारी के बावजूद छात्र दवाब में होते हैं | 'क्या छोडू, क्या दुहराऊ' की दुविधा होती है | अपनी तैयारी के बारे में संशय होता रहता है | इस समय के लिए मेरा सुझाव यही होगा कि अपनी तैयारी के बारे में आत्मविश्वस्त रहे | महत्वपूर्ण विषयों का दोहराव करे और परिणाम की चिंता से अपने आपको दवाब में न डाले |

कल का पहला पेपर निबंध का है | इस वर्ष से निबंध के पत्र को काफी महत्त्व दिया गया है और इसके अंक बढाकर 250 कर दिए गए हैं | ऐसे में या तो 250 अंक का  एक निबंध या फिर 125 अंक के  दो निबंध लिखने को कहा जा सकता है | इस पत्र के लिए कुछ सुझाव ध्यान रखें -
* शब्द सीमा- 250 अंक के निबंध के लिए लगभग 2000 से 2500 शब्दों का निबंध लिखे |
*परीक्षा भवन के तीन घंटे में 30 मिनट का समय निबंध के विषय के चयन और उसकी रूपरेखा तैयार करने में लगाये | उत्तर पुस्तिका के आखिरी पन्ने में रफ़ में निबंध के विषय में अपने सारे ज्ञान और विचारों को क्रम बद्ध करके लिख ले | अंत में दस से पंद्रह मिनट का समय निबंध को दुहराने और भाषा या व्याकरण की गलतियों को सुधरने के लिए रखे |
*निबंध की शुरुआत आकर्षक और विषयानुकूल होनी चाहिए | अपनी मौलिकता और कल्पनाशक्ति को यहाँ अच्छे से प्रयोग करे |
*निबंध के मुख्य भाग में विषय को विस्तार दे और क्रमबद्ध तरीके से अपनी बात रखे |
*उपसंहार में अपनी बातों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुचाये  और निबंध के निचोड़ को संक्षेप में सामने रखे |
*भाषा सहज-सरल और प्रवाहमयी हो |
*समसामयिक उदाहरणों, प्रेरक प्रसंग, प्रासंगिक लघुकथा, काव्यांश, सूक्ति-उद्धरण का समुचित प्रयोग करे | इनका प्रयोग निबंध के प्रवाह और प्रभाव को बढ़ाने वाला होना चाहिए | ऐसा नहीं लगना चाहिये की आप अपने पांडित्य का प्रदर्शन करने के लिए इन्हें ठूंसे जा रहे हैं |
*विवादस्पद विषय में संतुलित विचार रखे - विषय के दोनों पक्षों को सामने रखकर फिर अपने निष्कर्ष तर्क सहित रखे |
*संवैधानिक मूल्यों और देश के प्रति प्रेम और आदर का ध्यान रखे | आपके निबंधों का स्वर और निष्कर्ष नकारात्मक न हो, इसका भी ख्याल रखे | यदि आप किसे ऐसे विषय के बारे में लिख रहे हो जहाँ वर्तमान परिदृश्य बिलकुल नकारात्मक है, वहां भी सुधार कैसे लाया जा सकता है, उसको प्रधानता दे |

आप सबों को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएँ |

केशवेन्द्र कुमार, आईएएस